रामपुर बुशहर। महाशिवरात्रि पर्व पर वीरवार को देवढांक में आस्था का सैलाब उमड़ा। वीरवार को हजारों श्रद्धालुओं ने प्राकृतिक शिव गुफा में भगवान शिव की पिंडी के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरा क्षेत्र महादेव के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान गुफा में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।
देवढांक शिव गुफा में सुबह तीन बजे से श्रद्धालु पहुंचाना शुरू हो गए थे। जबकि सैकड़ों श्रद्धालु बुधवार रात को ही यहां पहुंच गए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए कमेटी ने भी इस बार तीन बजे से ही शिवगुफा में पूजा अर्चना का समय तय कर दिया था।
श्रद्धालु बम-बम भोले के जयकार लगाते हुए गुफा तक पहुंचे, वहीं गुफा के बाहर भी भोले के जयकारे गूंजते रहे। दोपहर तक गुफा के बाहर श्रद्धालुओं की इतनी लंबी कतारें लग गई थी कि तिल धरने को जगह नहीं बची थी।
मंदिर कमेटी अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष हरी सिंह वर्मा, सचिव दलीप भंडारी, मुख्य सलाहकार टेक सिंह भंडारी, हैप्पी वर्मा, संजू शर्मा, राजन भंडारी, अबू नेगी, घनश्याम वर्मा, रिद्धम, रिंकू, शुभम, पंकज और सनम ने कहा कि हर साल गुफा में भगवान शिव के दर्शन के लिए रामपुर सहित कुमारसैन, कोटगढ़, आनी, निरमंड, नित्थर, बायल, ब्रौ, जगातखाना, किन्नौर और दलाश से हजारों शिव भक्त पहुंचते हैं।
महाशिवरात्रि पर्व पर करीब 14 हजार भक्तों ने मंदिर में हाजिरी भरी। मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। मंदिर कमेटी ने बुधवार रात जागरण और भंडारे का आयोजन भी किया।