स्वार क्षेत्र के मुकरमपुर निवासी हाजी अशरफ अली के परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। ये हादसा चालक को नींद की झपकी आने की वजह से हुआ। चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित हो गई और हादसे का शिकार हो गई। इसमें चालक समेत पांच लोगों की जान चली गई।
स्वार से दिल्ली करीब 220 किमी. है, जिसमें बुधवार दोपहर में चालक अहसान परिजनों को लेकर रामपुर से दिल्ली निकले थे। एयरपोर्ट पर इंतजार करने के बाद रात फ्लाइट आई, उसके बाद चालक परिजनों और हाजी अशरफ और पत्नी जैतून सहित परिवार के अन्य लोगों को दिल्ली से रामपुर रवाना हुए।
बृस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे मुरादाबाद क्षेत्र के मूंढापांडे में हादसा हुआ। दिल्ली से निजी गाड़ी से रामपुर आने में करीब 4 घंटे लगते हैं, ऐसे में परिजन करीब चार बजे दिल्ली से रवाना हुए होंगे। इसी समय नींद सबसे ज्यादा आती है।
चालक लंबा सफर तय कर चुका था, ऐसे में मूंढापांडे में झपकी आ गई और हादसा हो गया। एसीएमओ रामपुर डॉ. दशरथ सिंह ने कहा कि 24 घंटे में छह से आठ घंटे की नींद हर व्यक्ति को लेनी चाहिए।
एक रात को तीन बजे का समय और दूसरे सुबह पांच से छह बजे सुबह का समय ऐसा होता है कि उसमें भले ही रात को सोए हो, लेकिन नींद आती ही है तो ऐसे में ड्राइव नहीं करना चाहिए। यह सेहत और सुरक्षा के लिहाज से ठीक नहीं है।