उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के मोहल्ला रम्पुरा से आ रही बरात की कार सोमवार देर रात शाहबाद-बिलारी मार्ग पर किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। हादसे में कार सवार रुद्रपुर सीट से विधायक रहे राजकुमार ठुकराल के प्रतिनिधि व भाजपा नेता अनिल कुमार उर्फ बंटी (35) की मौके पर ही मौत हो गई।
बंटी की दर्दनाक मौत के बाद बरात में आए लोगों में दहशत है। इससे पहले 11 मार्च को भी रम्पुरा के लोग बरेली के रामनगर क्षेत्र के दौलतपुर से शादी से लौट रहे थे। उस दौरान आंवला रोड स्थित खड़ी हुई एक लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली से कार टकरा गई थी। उस दौरान भी रम्पुरा मोहल्ले के रवि और पप्पू की हादसे में मौत हो गई थी।
कई लोग बुरी तरह से चोटिल हो गए थे। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के प्रतिनिधि के रूप में अनिल कुमार उर्फ बंटी ने मृतकों का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया था। सोमवार देर रात को अनिल कुमार उर्फ बंटी की कार भी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इससे लोगों में दहशत है।