सोशल मीडिया पर आजम खां यूथ बिग्रेड के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर एक पोस्ट की गई। अकाउंट के बारे में जानकारी होने पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को पत्र सौंपकर फर्जी अकाउंट बनाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पत्र में उन्होंने कहा है कि फर्जी अकाउंट पर जो पोस्ट की गई है वो दो धर्मों के लोगों के बीच दंगा करवा सकती है।
समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां के नाम से कोई भी यूथ ब्रिगेड अर्थात आजम खान यूथ ब्रिगेड अस्तित्व में नहीं है और न ही कभी रही है। कुछ असमाजिक तत्वों द्वारा आजम खां यूथ ब्रिगेड के नाम से छह जून को एक फर्जी अकाउंट ट्विटर हैंडल पर बना दिया। इसके बाद इससे एक धार्मिक उन्माद फैलाने वाली पोस्ट की गई है, जिसकी जानकारी उन्हें 19 जुलाई को हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि शरारती व असमाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर समाज में अशांति फैलाने और दो धर्मों के लोगों के बीच दंगा करवाने व देश-प्रदेश का माहौल खराब करने के उद्देश्य से पोस्ट किया गया। इस मामले में पूर्व जिलाध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।