रामपुर। जिले के परिषदीय स्कूलों में 130 सहायक अध्यापकों की जल्द तैनाती हो जाएगी। इसके लिए 69000 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत दो दिन तक चली काउंसिलिंग में 130 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई है। वहीं, 13 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में शामिल नहीं हुए।
प्रदेश में 69000 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत न्यायालय के आदेश पर शासन द्वारा प्रदेश में प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के लिए अक्तूबर 2020 में भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। जिसमें रामपुर जिले को 1250 सहायक अध्यापक के पद आवंटित किए गए थे। पहले चरण की काउंसिलिंग 15 व 16 अक्तूबर 2020 को हुई थी। काउंसिलिंग के बाद 203 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। करीब दो माह बाद दूसरे चरण में फिर से काउंसिलिंग हुई। 2 से 4 दिसंबर तक चली काउंसिलिंग में 904 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। दूसरे चरण की भर्ती के बाद रामपुर जनपद में 143 पद रिक्त रह गए थे। तीसरे चरण के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में 143 पदों के लिए सोमवार और मंगलवार को दो दिन काउंसिलिंग हुई। जिसमें 76 पुरुष और 54 महिला अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई। मंगलवार को शाम तक हुई काउंसिलिंग में 130 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए।
दो दिन तक चली काउंसिलिंग में 130 अभ्यर्थी शामिल हुए। जबकि, 13 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग छोड़ दी। जिन अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग हो चुकी है, उन्हें शासन का आदेश मिलते ही नियुक्ति पत्र दे दिए जाएंगे।
- एश्वर्या लक्ष्मी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामपुर