फर्जी आधार कार्ड बनाने का आरोपी मो. फरीद
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जिले में आगामी लोकसभा उपचुनाव के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने युवक के पास से एक मोबाइल फोन, एक प्रिंटर, पांच फर्जी आधार कार्ड, आधार कार्ड बनाने के पेपर और सात सौ रुपए बरामद किए हैं।
कोतवाली पुलिस को मंगलवार रात को सूचना मिली कि मोहल्ला चौक मोहम्मद सईद खां चाह जट्टा में मोहम्मद फरीद नामक युवक रामपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए लोगों के फर्जी आधार कार्ड बना रहा है। उसके पास लोगों की काफी भीड़ लगी हुई है। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और छापा मार दिया।
इस दौरान मो. फरीद मोबाइल से फोटो बदलकर फर्जी आधार कार्ड बनाकर प्रिंटर से निकालकर दे रहा था। पुलिस ने उसे मोबाइल फोन व प्रिंटर मशीन, आठ फर्जी आधार कार्ड, आधार कार्ड बनाने के पेपर सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस युवक को पकड़कर शहर कोतवाली ले आई।
बाद में पुलिस ने आरोपी युवक मो. फरीद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। शहर कोतवाली प्रभारी गजेंद्र पाल त्यागी ने बताया कि सूचना के आधार पर फर्जी आधार कार्ड बनाते एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।