सूचना के बाद मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संसार सिंह, क्षेत्राधिकार स्वार श्रीकांत प्रजापति, एसडीएम टांडा राजेश कुमार, तहसीलदार अवनीश कुमार, कोतवाल हरेंद्र सिंह और नायब तहसीलदार शरद सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटना की जांच की जिसमें पता चला कि एक पक्ष दढ़ियाल क्षेत्र के गांव सूरजपुर का जबकि दूसरा पक्ष स्वार क्षेत्र के गांव चौहद्दा का रहने वाला है।
रविवार को शुरू हुआ था विवाद
विवाद रविवार को चौहद्दा क्षेत्र में एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के खेत से खनन के वाहन निकालने को लेकर हुआ थ। बताते हैं कि एक पक्ष के वाहन चालक के साथ मारपीट की गई थी। सोमवार को सुबह यह विवाद उस वक्त तूल पकड़ गया जब दोनों पक्ष आमने सामने आ गए।
इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के कारोबारी के पुत्र के वाहन पर फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर में दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर जमा हो गए और दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर जमकर फायरिंग की गई। हालांकि फायरिंग और मारपीट में किसी के घायल होने की सूचना नही है।
दोनों पक्ष मुकदमा दर्ज कराने भी पहुंचे थे थाने
विवाद में मारपीट के बाद हुई हवाई फायरिंग के बाद दोनों पक्षों से कुछ लोग टांडा थाने पहुंच गए और एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करने लगे। इस बीच स्वार क्षेत्र में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दे रही थी। दबिश के दौरान आरोपियों के न मिलने पर चार ट्रैक्टर कब्जे में ले लिए और बाद में पुलिस ने पांच-छह लोगों को हिरासत में भी ले लिया है।
स्वार क्षेत्र में दो पक्षों में विवाद के बाद फायरिंग हो गई थी। फायरिंग हवाई की गई थी, जिसमें कोई भी घायल या चोटिल नहीं हुआ है। सूचना पर मौके पर जाकर मौका मुआयना किया गया था। इस मामले में दोनों पक्षों के पांच-छह लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
- डॉ. संसार सिंह, एएसपी