मिलकखानम (रामपुर)। कुम्हारिया कलां स्थित पंचायत भवन में हुई चोरी के खुलासे को लेकर ग्राम प्रधान ने पुलिस पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि खुलासे में जो बैटरे बरामद दिखाए हैं, वह उस कंपनी के नहीं है, जो पंचायत भवन में थे। बताया कि पंचायत भवन से चोरी हुए बैटरे लिवगार्ड कंपनी के थे, जबकि पुलिस ने ल्यूमिनस और यूटीएल कंपनी के दिखाए हैं।
थाना मिलकखानम क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुम्हारिया कला के पंचायत भवन में शनिवार की रात कंप्यूटर, सीपीयू, इन्वर्टर, बैटरे और पंखे आदि सामान चोरी हो गया था। प्रधान निशा बी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। सोमवार को पुलिस ने चोरी का खुलासा करते हुए उत्तराखंड के गदरपुर थाना क्षेत्र के मझरा शीला निवासी शरीफ अहमद को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से दो बैटरे बरामद किए।
मंगलवार को जब ग्राम प्रधान निशा बी और उनके पति को चोरी के खुलासे और कुछ माल बरामद होने की जानकारी हुई तो थाने पहुंच गए। प्रधान पति ने बरामद बैटरे दूसरी कंपनी के देखे तो खुलासे पर सवाल उठा दिया। कहा कि चोरी गए बैटरे लिव गार्ड कंपनी के थे जबकि बरामद किए गए बैटरे ल्यूमिनस कंपनी और यूटीएल कंपनी के हैं।
प्रधान पति ने पंचायत भवन के सामान की रसीदें भी पुलिस को दे दीं। इस संबंध में सीओ अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि यदि कोई शिकायत आती है तो जांच कराई जाएगी। संवाद