पंजाब के पटियाला की नाभा जेल से खालिस्तानी आतंकियों की फरारी मामले में पंजाब एटीएस पुलिस द्वारा तहसील क्षेत्र के गांव नबीगंज से उठाये गए युवक के बाद इलाके में खलबली मची हुई है। एटीएस का एक दस्ता तहसील क्षेत्र में अभी डेरा डाले हुए है।
पंजाब के पटियाला की नाभा जेल पर हमला कर 27 नवंबर को छह खालिस्तानी आतंकवादियों को छुड़ा लिया गया था। इसको लेकर पंजाब सरकार ने पंजाब पुलिस को शीघ्र आतंकवादियों की गिरफ्तारी को लेकर 25 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया है।
इसी मामले को लेकर सोमवार को पंजाब की एटीएस टीम ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर तहसील क्षेत्र के गांव नबीगंज में छापामार कार्रवाई कर दो युवकों को हिरासत में लिया था जहां एक युवक को थाना अजीमनगर में पूछताछ कर छोड़ दिया गया। जबकि दूसरे युवक को एटीएस पंजाब ले गई।
वहीं कुछ और लोगों पर नजर बनाए जाने को लेकर एटीएस का एक दस्ता तहसील क्षेत्र में डेरा डाले है। युवक को एटीएस पुलिस द्वारा उठाकर ले जाए जाने के बाद से गांव में खलबली मची हुई है और परिजन खासे परेशान है।