भोट (रामपुर)। छह माह से वेतन न मिलने पर गुस्साए हाईवे चौड़ीकरण का कार्य कर रहे करीब पौने दो सौ कर्मियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए हड़ताल कर दी। कर्मियों ने नारेबाजी करते हुए प्लांट के बैरियर को गिराकर ताला डाल दिया और प्रोजेक्ट मैनेजर का घेराव कर प्रदर्शन किया।
रामपुर-काठगोदाम हाईवे के चौड़ीकरण का काम करीब पांच साल पहले शुरू हुआ था। जिसकी जिम्मेदारी सद्भाव इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को दी गई थी। जो कि अब सद्भाव इंजीनियरिंग लिमिटेड के नाम से कार्य कर रही है। कार्यदायी संस्था ने हाईवे चौड़ीकरण के लिए खूंटाखेड़ा में प्लांट (यूनिट) लगाया है। शुक्रवार सुबह को कार्यदायी संस्था से जुड़े करीब पौने दो सौ कर्मियों ने पिछले छह माह से वेतन न मिलने पर काम बंद कर हड़ताल कर दी। गुस्साए कर्मी प्लांट पर पहुंच गए और उधमसिंह नगर जा रहे प्रोजेक्ट मैनेजर पार्थो सासमल का घेराव कर लिया।
कर्मियों ने दो टूक कह दिया कि जब तक वेतन का भुगतान नहीं होगा तब तक काम बंद रहेगा। प्रोजेक्ट मैनेजर ने कर्मियों को समझाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन कर्मी नहीं माने। कर्मियों ने खूंटाखेड़ा स्थित यूनिट (प्लांट) के मुख्य द्वार पर भी ताला डाल दिया और बैरियर भी बंद कर दिया।