रामपुर। सपा सांसद आजम खां द्वारा शत्रु संपत्ति पर कब्जा कर जौहर विवि में मिलाने के आरोप में एमपी-एमएलए कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई हुई। इस दौरान आजम खां की जमानत याचिका को लेकर बहस हुई। बहस की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई है। इसके बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित करते हुए अगली तारीख 4 अगस्त दे दी है। संभव है 4 अगस्त को ही आजम खां की जमानत याचिका पर फैसला सुना दिया जाएगा।
सांसद आजम खां के खिलाफ साल 2019 में शत्रु संपत्ति पर कब्जा कर जौहर विश्वविद्यालय में मिलाने के आरोप में अजीमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस की ओर से चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। आजम खां बीते करीब सवा साल से अधिक समय से जेल में हैं और इस समय सेहत खराब होने के कारण मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं।
शत्रु संपत्ति पर कब्जा कर जौहर विवि में मिलाने के आरोप पर सांसद आजम खां ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से जमानत के लिए एमपी-एमएलए कोर्ट में प्रार्थनापत्र दाखिल किया था। जिसके बाद कोर्ट में आजम खां की जमानत याचिका पर सुनवाई चल रही है।
इस मामले में शुक्रवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। जिला सहायक शासकीय अधिवक्ता रामऔतार सैनी ने बताया कि शत्रु संपत्ति मामले में आजम खां जमानत याचिका पर शुक्रवार को बहस की प्रक्रिया पूरी हो गई है। जिसके बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित कर लिया और अगली तारीख चार अगस्त निर्धारित की है, जिसमें फैसला सुनाया जा सकता है।