देश में शराब बंदी की मांग को लेकर जनता दल यूनाइटेड के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शराब के दुष्प्रभावों का हवाला देते हुए प्रदेश में इसकी बिक्री पर रोक की मांग की। इस संबंध में कार्यकर्ताओं द्वारा प्रशासन के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भी भेजा गया।
जनता दल यूनाइटेड के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष जगदीश सरन पटेल के नेतृत्व में शनिवार को कलेक्ट्रेट गेट पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने शराब बंदी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि शराब से कई जिंदगियां असमय काल के गाल में समा रही हैं। सड़क दुुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण शराब पीकर वाहन चलाना भी है। शराब की लत में फंसा व्यक्ति परिजनों पर अत्याचार करता है और पत्नी-बच्चों के साथ मारपीट करता है जिससे घरेलू हिंसा भी बढ़ रही है।
इतना ही नहीं शराब की लत में फंसकर युवा पीढ़ी अपराधों के दलदल में फंस रही है जो कि चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि बिहार की तरह प्रदेश में भी शराब पर पाबंदी लगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में भानुप्रताप सिंह, जितेंद्र यादव, हरि सिंह, राजेश गंगवार, प्रीतम सिंह, रामवीर शर्मा, विमला देवी, ख्यालीराम, दीपक शर्मा, रहे।