रामपुर। खेतों से एचटी विद्युत लाइन निकालने पर किसानों ने अधीक्षण अभियंता (एसई) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि अगर एचटी लाइन खेतों से निकाली तो किसान लाइन को उखाड़ फेकेंगे।
शुक्रवार को भाकियू कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष हसीब अहमद के नेतृत्व में किसान अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे। किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों का कहना था कि मडैयान उदयराज में हाईटेंशन लाइन पशुपति प्लाईवुड फैक्टरी से होकर गुजर रही है। लाइन करीब 40 साल पुरानी है। विद्युत विभाग पुरानी लाइन खत्म कर खेतों और घरों से होकर नई लाइन डाल रहा है। किसानों ने एक फैक्टरी से निकलने वाली राख और धुएं का भी मुद्दा उठाया। किसानों ने खंभे उखाड़कर फैक्टरी का गेट बंद करने की धमकी दी तो नगर मजिस्ट्रेट और अधिशासी अभियंता किसानों के बीच पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान शांत हो कर वापस चले गए। प्रदर्शन करने वालों मे अरुण तिवारी, फूल सिंह, राजीव कुमार, रूपचंद, चंदन राम, हड़ताल सिंह, डालचंद, डोरीलाल, बाबूराम, रूपराम, धर्मपाल, पूरनलाल, तेजपाल, हरदेश शर्मा, राजीव कुमार, रूपचंद, नंदराम, शंकर लाल, मनीष, पूरन लाल ,हड़ताल सिंह, सलीम अहमद, मुस्तकीम, होरीलाल, वीरेंद्र सिंह, राजाराम सेठ, कीर्ति शरण आदि किसान मौजूद रहे।