भोट/मसवासी(रामपुर)। कृषि कानूनों और लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में किसानों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान किसानों ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के पुतले फूंकने की कोशिश भी की, हालांकि पुलिस ने पुतले कब्जे में ले लिए और पुतले फूंकने नहीं दिए।
कृषि कानूनों के विरोध में कोयला टोल प्लाजा पर भाकियू कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को भी जारी रहा। मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए भाकियू जिलाध्यक्ष हसीब अहमद ने कहा कि तीनों कृषि कानून किसान विरोधी है। इसके बावजूद सरकार जबरन इसे लागू करने पर आमादा है। कुछ औद्योगिक घरानों को आगे बढ़ाने और किसानों को बर्बाद करने के लिए ही यह कृषि कानून बनाए गए हैं। जबकि किसान एमएसपी पर कानून बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। इसलिए जब तक तीनों कृषि कानून वापस लेकर एमएसपी पर कानून नहीं बनाया जाएगा यह आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा। इसके बाद जिलाध्यक्ष किसानों के साथ कार में रखे प्रतीकात्मक पुतले को लेने गए तो पहले से मौजूद पुलिस बल ने कार को घेर लिया और करीब पांच मिनट तक छीनाझपटी के बाद पुतले को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान जागीर सिंह, मनजीत सिंह अटवाल, गोपी अटवाल ,रामदास मोर्या, दरियाव सिंह यादव, विनोद यादव, सुखबीर सिंह, मोहम्मद तालिब, हाफिज अयूब, इरफान हसन, नईम प्रधान, शाबिर अली, इरफान ,होरीलाल, मधुबाला, चौधरी राजपाल सिंह,तेजपाल सिंह बाबूराम,अंकित आदि मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर मसवासी क्षेत्र में भी किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फोटो लगा पुतला फूंकने के लिए ले आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पुतला जब्त कर लिया है और पुतला नहीं फूंकने दिया।
शनिवार को जिले भर में किसानों ने कृषि कानूनों के विरोध में केंद्र सरकार का पुतला फूंकने का एलान किया हुआ है। इसी को लेकर शनिवार सुबह मसवासी क्षेत्र के मानपुर में कुछ किसान एकत्र हो गए और एक पुतला ले आए। पुतले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फोटो लगा हुए थे। पुतले के गले में किसानों ने जूते लटका दिए। पुतले पर बीजेपी मुर्दाबाद और अन्य नारे लिखे हुए थे। इससे पहले कि किसान पुतला फूंक पाते सूचना पर मसवासी पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुतले को कब्जे में लेकर चौकी आ गई।
000
सुबह से ही फोर्स के साथ तैनात हो गया था पुलिस और प्रशासनिक अमला
भोट। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर कोयला टोल प्लाजा में धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री व गृहमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किये जाने की सूचना पर जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया था।
शनिवार सुबह ही अपर पुलिस अधीक्षक व तहसीलदार सदर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल कोयला टोल प्लाजा पर पहुंच गया था।करीब एक बजे धरना स्थल पर पहुंचे भाकियू जिला अध्यक्ष की कार में पुतला देख पुलिस सतर्क हो गई। तीस मिनट तक जिलाध्यक्ष द्वारा किसानों को सम्बोधित करने के बाद कार्यकर्ता कार में रखे पुतले को निकालने लगे तो पुलिस ने पुतले को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया । करीब पांच मिनट तक छीना झपटी के बाद पुलिस पुतले को अपने कब्जे में लेने में कामयाब हो गई। वहीं भाकियू कार्यकर्ताओं द्वारा भी पूर्व की भांति धरना स्थल पर ही शांति पूर्वक धरने में बैठने पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।