सैदनगर के आलियागंज में मकान तोड़े जाने के विरोध में धरने पर बैठे विधायक यूसुफ अली व बसपा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सागर।
मकान गिराने की जानकारी मिलने के बाद जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अब्दुल सलाम गांव पहुंच गए। गांव के लोगों से बातचीत करने के बाद वो वहां पर धरने पर बैठ गए। सलाम का कहना है कि पुलिस प्रशासन की कार्रवाई गलत है।
इस मामले में हाईकोर्ट का स्टे है। इसके बाद भी मकान गिरा दिए गए। उन्होंने कहा कि जान बूझकर एक जाति विशेष के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। इसके थोड़ी देर के बाद बसपा विधायक यूसुफ अली, बसपा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सागर अपने साथियों के साथ गांव में पहुंच गए। बसपा विधायक व जिलाध्यक्ष भी गांव में ही अलग धरने पर बैठ गए।
धरने पर बैठे लोगों ने नगर विकास मंत्री आजम खां व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देर रात बसपा विधायक धरना खत्म कर चले गए। साथ ही उन्होंने आप कलक्ट्रेट पर धरना देने की बात कही है। वहीं जिपं के पूर्व अध्यक्ष का कहना है कि जब तक गांव के लोगों को इंसाफ नहीं मिल जाता है धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। समाचार लिखे जाने तक वे धरना पर बैठे रहे।