रामपुर। लोनिवि के ठेकेदार शासनादेश का पालन नहीं कर रहे हैं। सड़कों के गड्ढे भरने के बदले दूसरी सड़क की फोटो भेजकर विभाग के अधिकारियों को गुमराह कर रहे है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने जिले में एक मामला पकड़ा है। ठेकेदार को इस मामले में नोटिस भेजा है। एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। ठेकेदार को काली सूची में डाला जाएगा।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता गौरव सिंह ने बताया कि रामपुर-केमरी मार्ग के ठेकेदार को सड़क के गड्ढे भरने के आदेश दिए गए थे। ठेकेदार ने सड़क के गड्ढें नहीं भरे। ठेकेदार से जब रिपोर्ट मांगी गई तो उसने दूसरी सड़क की फोटो भेज दी। जेई की जांच में बात सामने आने के बाद ठेकेदार से दोबारा पूछा गया। इसके बाद भी उसने गलत फोटो भेजी। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को नोटिस दिया है।
निर्माण कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की सिफारिश, जमानत जब्त
पैच मरम्मत न करने और नोटिस लेने से इन्कार पर एसजे कंस्ट्रक्शन पर कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर। लोनिवि ने रामपुर-शाहाबाद मार्ग से मतवाली मिलक की छूटी कड़ी के पुनर्निर्माण कार्य के ठेकेदार एसजे कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की है। कंपनी ने पैचवर्क का काम नहीं किया। इसके चलते उसकी जमानत राशि जब्त कर ली गई है और उसे ब्लैक लिस्ट में डालने की सिफारिश की गई है।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता गौरव सिंह ने बताया कि ठेकेदार को पैच मरम्मत के लिए कई नोटिस भेजे गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। चार नोटिस पंजीकृत डाक से वापस आ गए और पता गलत दर्ज होने के कारण ईमेल डिलीवर नहीं हुआ। तीन महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ, जिससे सड़क की स्थिति बहुत खराब हो गई।
अधीक्षण अभियंता के आदेश पर ठेकेदार की जमानत राशि जब्त कर ली गई है। नवरात्र से पहले इस सड़क पर पैच निर्माण का काम होना था, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के कारण कार्य नहीं हो सका। विभाग ने अनुबंध शर्तों के उल्लंघन पर कंपनी को काली सूची में डालने की सिफारिश की है।