रामपुर। अयोध्या में राम मंदिर शिलान्यास को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। पूरे दिन चेकिंग अभियान चलाया गया। सबसे ज्यादा पुलिस बार्डर एरिया में सक्रिय रही, जहां आने- जाने वालों की सघन चेकिंग की। संदिग्धों की निगरानी की। खुद एसपी ने रेलवे स्टेशन समेत तमाम स्थानों का जायजा लिया।
बुधवार को अयोध्या में भगवान श्री राम के मंदिर का शिलान्यास होना था। लिहाजा, किसी भी तरह की स्थिति से निपटने और कानून व्यवस्था के लिहाज से पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय रहा। मंगलवार रात से ही पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम के नेतृत्व में पुलिस सड़क पर आ गई। शहर और देहात क्षेत्र का भ्रमण किया। नगर और देहात क्षेत्र में स्थित, होटल, ढाबे, रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर संघन चेकिंग करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों को चेक किया गया। रामपुर- बरेली बार्डर तथा रामपुर व रुद्रपुर (उत्तराखण्ड) बॉर्डर पर भारी पुलिस बल के साथ बैरियर लगाकर चेकिंग की गई और संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इसके अलावा रातभर सभी थाना प्रभारी, सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत अपर पुलिस अधीक्षक भ्रमण पर रहे। यही वजह रही जो पुलिस सबसे ज्यादा बॉर्डर एरिया में सक्रिय दिखाई दी। इसके अलावा शहर में जगह-जगह चौराहों से लेकर संवेदनशील स्थानों पर पुलिस फोर्स तैनात रही। वहीं, प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेटों को तैनात किया गया था, जो लगातार निरीक्षण में जुटे रहे।