रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र के बिजइया गांव में परचून दुकानदार पूरन यादव की हत्या के खुलासे के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले में तीन टीमें गठित कर अलग-अलग बिंदुओं पर पड़ताल शुरू की गई है। टीमें अब तक कई लोगों से पूछताछ कर चुकी हैं। पुलिस ने पीड़ित परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए हैं।
जांच में पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ नामजद आरोपियों और घटना से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जमीन विवाद और पुरानी रंजिश समेत हत्या के संभावित कारणों को जांच के दायरे में रखा गया है।
शनिवार सुबह पूरन का शव गांव के बाहर खेत में मिला था। उसके गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले थे। परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए दो लोगों को नामजद किया है। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।