पुलिस की गो-तस्करों से मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोल, दूसरा फरार
सोमवार की रात को टांडा क्षेत्र में हुई मुठभेड़
टांडा(रामपुर)। टांडा क्षेत्र में दो गो-तस्करों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस से बचने के लिए गो-तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान बचाव के लिए पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में एक गो-तस्कर के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा गो-तस्कर पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने गो-तस्कर के कब्जे से तमंचे, कारतूस, पशु वध करने के उपकरण और एक गोवंशीय पशु बरामद किया है।
सोमवार की रात को टांडा पुलिस को सूचना मिली कि कोसी नदी के पास कुछ लोग गोवंशीय पशु का वध कर रहे हैं। सूचना पर टांडा के थानाध्यक्ष अजय कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ कोसी पुल के पास पहुंच गए। इस दौरान पुलिस टीम को पास आता देख गो-तस्कारों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस के जवाबी फायरिंग में एक गो-तस्कर के दाएं पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद गो-तस्कर जमीन पर गिर गया, जबकि दूसरा गो-तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल गो-तस्कर दायमपुरा निवासी वसीम उर्फ चीना को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दूसरे गो-तस्कर टोडीपुरा निवासी सलीम की तलाश में जुट गई। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से तमंचे, कारतूस और वध करने के दौरान प्रयोग में लाने वाले उपकरण और एक गोवंशीय पशु बरामद कर लिया है।
- टांडा क्षेत्र में पुलिस और गो-तस्कर के बीच मुठभेड़ हुई है। इसमें एक गो-तस्कर के पैर में गोली लगी है। इस दौरान एक बदमाश फरार हो गया है, जिसको जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
- डॉ. संसार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, रामपुर