रामपुर। शिक्षा से वंचित (आउट आफ स्कूल) बच्चों को चिह्नित कर परिषदीय विद्यालयों में उम्र के हिसाब से उन्हें दाखिला दिलाया जाएगा। इसके लिए शारदा हर दिन स्कूल आएं अभियान चलेगा। चिह्नित बच्चों को किस स्कूल में कौन सी कक्षा में दाखिला कराया गया है, इसका रिकार्ड शारदा पोर्टल पर अपलोड करना होगा। अभियान के तहत उम्र के हिसाब से कक्षाओं में दाखिला दिलाया जाएगा। यदि बच्चा दस साल का है और उसका कभी स्कूल में दाखिला नहीं हुआ। ऐसी स्थिति में भी उसे उम्र के हिसाब से कक्षा पांच में प्रवेश दिया जाएगा।
शैक्षिक सत्र 2021-22 में आउट आफ स्कूल बच्चों के चिह्नांकन, पंजीकरण एवं नामांकन संबंधी जारी आदेश के तहत आउट आफ स्कूल में 5 से 14 वर्ष के बच्चों का चिह्नांकन किया जाएगा। दूसरे चरण में ईंट-भट्टे, खदान में काम करने वालों के बच्चे शामिल होंगे। वहीं आंगनबाड़ी आने वाले वे बच्चे जिनकी आयु एक जुलाई 2021 को पांच वर्ष हो गई हो उनका अनिवार्य रूप से प्राथमिक स्कूल की कक्षा एक में नामांकन कराया जाएगा।