रामपुर। गणतंत्र दिवस के मौके पर रामपुर जिले के नौ शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। शहीदों के परिजनों को एनसीसी कमांडेंट ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
राजकीय रजा डिग्री कालेज में मनाए गए गणत्रंत दिवस समारोह में मुख्य अतिथि 23 वीं बटालियन एनसीसी मुरादाबाद के कमांडेंट कर्नल सचिन रस्तोगी एवं प्राचार्य डॉ. पीके वार्ष्णेय ने राष्ट्र ध्वज फहराया। मौजूद अतिथियों,प्राध्यापकों,एनसीसी कैडेट्स के द्वारा राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। संविधान की शपथ ग्रहण कराई गई। मुख्य अतिथि कर्नल सचिन रस्तोगी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राजेश वर्मा, मेजर राजीव ढल, सूबेदार मेजर जगवन्त सिंह, प्राचार्य डॉ. पीके वार्ष्णेय, डॉ. विनीता सिंह एवं एनएसओ एनसीसी विंग डॉ. प्रवेश कुमार ने भारत-पाक, भारत-चीन एवं कारगिल युद्ध मे शहीद हुए रामपुर जनपद के नौ सेनानियों, सिपाही दर्शन सिंह, सिपाही लाखवंत , सिपाही शिवचरण, मेजर अब्दुल राफे खान, नायक जीत सिंह, सिपाही रणजीत सिंह, सिपाही बलजीत सिंह, सिपाही मुकेश बाबू, सिपाही सतीश चंद के चित्रों पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। समारोह में पधारे शहीदों के परिजनों को एनसीसी 23 बटालियन की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। एनसीसी बटालियन की ओर से संदीप नायक, हवलदार अशोक, हवलदार तुलसी तोमर भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। गणतंत्र दिवस के मौके पर प्राचार्य , प्राध्यापकगण एवं छात्र- छात्राओं द्वारा पौधरोपण भी किया गया। डॉ. अरशद रिजवी, डा. प्रदीप कुमार समेत सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।