रामपुर। मुरादाबाद से अपने घर जा रहे एक राहगीर को सिविल लाइंस क्षेत्र में जेबकतरों ने निशाना बना लिया। बस स्टैंड पर बस में चढ़ते समय दो जेबकतरों ने उसकी जेब काट ली। जेब में रखे 20 हजार रुपये पार हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है।
बरेली के मीरगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुवई निवासी अय्यूब ट्रेनों में फेरी लगाकर सामान बेचता है। रोजाना वह मुरादाबाद आता-जाता है। घटना के दिन भी वह मुरादाबाद से लौटकर रामपुर बस स्टैंड पहुंचा और गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था।
अय्यूब के अनुसार, दो जेबकतरों ने उसे घेर लिया। बस आते ही एक आरोपी आगे गेट पर खड़ा हो गया, जिससे वह चढ़ नहीं सका। इसी दौरान पीछे से दूसरे जेबकतरे ने जेब काटकर 20 हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गया।
अय्यूब के बस में चढ़ते ही दूसरा आरोपी भी मौके से भाग निकला। कुछ देर बाद उसे जेब कटने की जानकारी हुई तो उसने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने दोनों को तलाशने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। पीड़ित बिना पुलिस को सूचना दिए घर चला गया। सिविल लाइंस कोतवाल ओमकार सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।