रामपुर। यूपी बोर्ड की पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 38, 652 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। हाईस्कूल के 2596 और इंटर के 1969 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा कोविड-19 गाइड लाइन के अनुसार कराई गई। शांतिपूर्ण माहौल में 77 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में परीक्षा हुई। हाईस्कूल में हिंदी का पेपर आसान आने से परीक्षार्थियों के चेहरे खिल उठे।
बृहस्पतिवार को पहली पाली में हाईस्कूल हिंदी और इंटर सैन्य विज्ञान की परीक्षा थी। हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा में 24009 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 21,413 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 2596 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटर सैन्य विज्ञान की परीक्षा में तीन परीक्षा केंद्रों पर 14 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। 13 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा। दूसरी पाली में इंटर के हिंदी और सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा थी। हिंदी विषय की परीक्षा में जिलेभर में 19107 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 17239 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 1868 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों और वॉयस रिकार्डर की निगरानी में हुई। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए परीक्षा केंद्रों पर स्टाफ और परीक्षार्थियों को बगैर मास्क के परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं करने दिया गया। प्रत्येक कक्ष के बाहर विद्यार्थियों के हाथों को सैनिटाइज किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक मुनेश कुमार ने बताया कि पहले दिन कोई भी परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करने हुए नहीं पकड़ा गया।