रामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी है। इसमें ऐसे अफसरों के अवकाश भी शामिल हैं, जो पूर्व में ही स्वीकृत हो चुके हैं। साथ ही अफसरों एवं कर्मचारियों को चुनाव से संबंधित विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 के अन्तर्गत 15 अप्रैल को मतदान होना है। ऐसे में मतदान प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे हैं। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्वाचन प्रक्रिया के दृष्टिगत 15 अप्रैल तक अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश जारी किए हैं कि समस्त कार्यालय अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे। यदि किसी अधिकारी व कर्मचारी का इस अवधि के लिए पूर्व में कोई अवकाश स्वीकृत किया गया हो, तो उसे निरस्त करते हुए निर्देशित किया है कि अधिकारी और कर्मचारी तत्काल अपने कार्यालय में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।