हादसे में एक रिटायर्ड शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
रामपुर के मिलक थाना क्षेत्र के धनेली पूर्वी ओवर ब्रिज पर वाहन को बचाने के चक्कर में एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक रिटायर्ड शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
विज्ञापन
बरेली के शेरगढ़ थाना क्षेत्र निवासी मजीद उल्लाह (75) सेवानिवृत्त अध्यापक थे। मजीद उल्लाह अपने नवासे जिला बरेली स्थित थाना मीरगंज के सिंधोली निवासी राहिल और तनवीर के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए शहजादनगर थाना क्षेत्र के कमोरा गांव में आए थे। शनिवार सुबह तीनों बाइक पर सवार होकर घर वापस जा रहे थे।
बाइक तनवीर चला रहा था। इस दौरान वाहन को बचाने के चक्कर में मिलक थाना क्षेत्र के धनेली पूर्वी ओवर ब्रिज पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में मजीद उल्लाह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, राहिल और तनवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन
वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। मिलक थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई है। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। परिजनों को सूचना दी गई है, आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।