रामपुर। जिले में कारोबार, रोजगार और उद्योग को भी पटरी पर लाने की कवायद शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक चरण में शहर के बाहरी क्षेत्रों में लॉकडाउन से सशर्त छूट मिल सकती है। इस छूट की रूपरेखा का एलान 28 मई को किया जा सकता है। 29 से 31 मई तक नई व्यवस्था पर नजर रखने के बाद धीरे-धीरे शहर के अंदरुनी इलाकों के बारे में भी फैसला लिया जाएगा।
कोरोना संक्रमण के कारण देश में 25 मार्च से लॉकडाउन लागू है। लॉकडाउन का इस समय चौथा चरण चल रहा है जो कि अंतिम दिनों में है। 31 मई को लॉकडाउन 4.0 का समय भी पूरा हो जाएगा। इससे पहले ही ग्रीन व ऑरेंज जोन में लोगों के काम-कारोबार को भी पटरी पर लाने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत जिले में निजी चिकित्सक पहले ही अपने-अपने क्लीनिकों पर ओपीडी की सेवा शुरू कर चुके हैं तो वहीं कई अन्य प्रतिष्ठान व कारखाने भी सशर्त संचालित हो रहे हैं। लेकिन, बाजार में अभी भी बड़ी संख्या में दुकानें बंद हैं। इन दुकानों को खोलने से लेकर कई अन्य प्रतिष्ठानों को भी शायद लॉकडाउन के इस चरण के बाद खोला जाए। इसको लेकर जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने संगठनों के बैठक कर उनसे सुझाव लिए हैं। बुधवार को भी इसको लेकर कई संगठनों के बात बैठक होनी है। बैठक के बाद 28 मई को शहर के बाहरी इलाकों में दुकानें खोलने की रूपरेखा सार्वजनिक की जा सकती है। 29 से 31 तक कई शहर के बाहरी इलाकों में सशर्त दुकानें खोलीं जाएंगी। इसके बाद एक जून से धीर-धीरे अन्य इलाकों की दुकानें खोलने के संबंध में फैसला लिया जा सकता है। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह का कहना है कि अभी इस विषय पर मंथन चल रहा है। कई दौर की बैठक हो चुकी है, बुधवार को भी मीटिंग होनी है। सुरक्षा के उपाय और बचाव के साथ बाजारों को खोलने की तैयारी चल रही है। तीन दिनों तक ट्रायल लिया जाएगा, उसके बाद नियमित रूप से बाजार खोलने के मुद्दे पर कोई फैसला लिया जाएगा। अभी बाहरी इलाकों में ही ट्रायल के लिए दुकानें खुलेंगी। इसके लिए भी शर्तें होंगी, जिनके बारे में सभी को अवगत करा दिया जाएगा। कोई भी व्यापारी अपने से कोई फैसला ना लें। असमंजस की स्थिति में संबंधित एसडीएम या जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से संपर्क करें।