रामपुर बुशहर। पुलिस थाना झाकड़ी के तहत आने वाले परियोजना क्षेत्र से दूध देने गया युवक घर नहीं लौटा है। युवक के परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया है। मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
पुलिस थाना झाकड़ी से मिली जानकारी के मुताबिक 24 मई की सुबह 17 वर्षीय युवक अंकुश रोजाना की तरह झाकड़ी परियोजना कॉलोनी में दूध देने गया, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं पहुंचा। अंकुश की मौसी राजकुमारी ने पुलिस को जानकारी दी कि उसकी बहन का बेटा जो पिछले 7 वर्षों से उनके साथ रह रहा है, अचानक गायब हो गया है। घर से वह एसजेवीएन की कॉलोनी में दूध देने गया था, जहां से वह देर शाम तक वापस नहीं लौटा। उन्होंने अंकुश को ढूंढने की बहुत कोशिश की और अपने रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वह पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने पहुंचीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर रही है। जल्द युवक को तलाश कर लिया जाएगा।