शाहबाद (रामपुर)। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को अवैध रूप से संचालित तीन अस्पताल और क्लीनिक सील कर दिए। कार्रवाई के दौरान एक अस्पताल में तीन महिला मरीज भर्ती मिलीं, इनमें एक का ऑपरेशन किया जा चुका था।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरके चंदेल, डॉ. अतुल रस्तोगी और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी आजम ने रामपुर चौराहे स्थित न्यू ग्लोबल अस्पताल पर छापा मारा। संचालक से अस्पताल के अभिलेख मांगे गए, लेकिन वह दस्तावेज नहीं दिखा सका। टीम ने ओटी और मुख्य द्वार सील कर दिया। ऑपरेशन वाली महिला मरीज को सीएचसी में भर्ती कराया गया। इसके अलावा बेरुआ गांव स्थित प्रताप क्लीनिक को भी सील किया गया। वहीं सैफनी क्षेत्र के सागरपुर चौराहे पर पहले सील किए गए पोलर स्टार अस्पताल को संचालक ने सील तोड़कर दोबारा शुरू कर दिया था। टीम ने अस्पताल को फिर सील कर दिया। नोडल अधिकारी डॉ. देवेश चौधरी ने बताया कि तीनों संस्थानों को सील कर दिया गया है। वहीं इन तीनों संस्थानों के संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।