रामपुर। गंज थाना क्षेत्र में कार के बाइक से टकराने पर दो पक्षों में विवाद के चलते हुई। फायरिंग और पथराव के मामले में पुलिस ने एक और युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से बंदूक बरामद की है।
22 अगस्त को गंज थाना क्षेत्र के बगी गांव निवासी बिलाल कार में सवार होकर कहीं जा रहा था। पास में ही रहने वाले शैजी की बाइक घर के पास खड़ी थी। इसमें बिलाल की कार टकरा गई थी। इस विवाद के चलते दोनो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए थे। जिसमें दोनों ओर से जमकर मारपीट हो गई थी। इस बीच दोनों पक्षों के लोगों ने फायरिंग और पथराव कर दिया। जिसमें छह लोग घायल हो गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थीं। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस ने उपनिरीक्षक अजय पाल की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। सोमवार को इस मामले में पुलिस ने बिलासपुर गेट के पास से गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है। गंज थाना प्रभारी किशन अवतार ने बताया कि एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में 22 लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। बाकी, फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।