ढक्का नगलिया गांव के पास मंगलवार को अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने रोड किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, उसकी भांजी की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही उसकी पत्नी मामूली रूप से घायल हो गई है। बाइक सवार को रामपुर रेफर किया गया है। ग्राम खबडिया घाट थाना भगतपुर निवासी हुकम सिंह की पुत्री सुहानी (14) नानी के घर तार का मझरा में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
मंगलवार की दोपहर वह अपने मामा रोबिंद कुमार तथा मामी संजू के साथ बाइक से ढक्का नगलिया दवा लेने जा रही थी। इसी बीच एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली देख कर रोबिंद कुमार ने बाइक को रोड किनारे खड़ी कर ली, लेकिन बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार रोबिंद कुमार, सुहानी और संजू घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को टांडा स्थित सीएचसी पर भेजा, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रोबिंद सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद रामपुर रेफर कर दिया।
उधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। बताया जाता है की सुहानी हुकम सिंह की तीन बच्चों में सबसे बड़ी तथा एकलौती लड़की थी। भोट के जिठनिया शर्की गांव निवासी धर्मवीर मंगलवार की रात करीब आठ बजे बाइक से पत्नी सुमन देवी (22) के साथ रामपुर से घर लौट रहा था। नैनीताल हाईवे स्थित ग्राम बांसनगली के मोड़ के पास किसी वाहन ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, धर्मवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस दौरान हाईवे पर कुछ देर तक जाम लगा रहा। वहीं, घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।