रामपुर। रात के वक्त सोने की चेन लेने के बहाने कुछ लोगों ने एक ज्वैलर्स की दुकान खुलवा ली। दुकान खुलने के बाद पहुंचे लोगों ने दुकानदार और उसके परिजनों के साथ मारपीट कर दी। ज्वैलर्स ने आरोपियों पर सोने की चेन छीनकर ले जाने का भी आरोप लगाया है। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मिस्टन गंज निवासी कृष रस्तोगी की चाह इंछाराम मोहल्ले में ज्वैलर्स की दुकान है। कृष रस्तोगी के अनुसार, उन्होंने रात में दुकान बंद कर दी थी। करीब दस बजे कुछ लोगों का फोन आया और चेन खरीदने के बहाने उन्हें वापस दुकान पर बुला लिया।
आरोप है कि दुकान पर पहुंचने के बाद तीन-चार लोगों ने जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया और फिर मारपीट शुरू कर दी। घटना में दुकानदार के पिता विष्णु रस्तोगी और उनका भाई घायल हो गए। बताया गया है कि हमलावर कार से आए थे।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। विष्णु रस्तोगी का आरोप है कि आरोपी उनके गले से सोने की चेन भी छीनकर ले गए। उन्होंने परिवार के साथ मारपीट किए जाने की भी शिकायत की है। शहर कोतवाल प्रदीप मलिक के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।