रामपुर। जिले में 64.12 फीसदी मतदान हुआ है, जिसमें सबसे ज्यादा वोट स्वार विधानसभा क्षेत्र में पड़े हैं। स्वार में करीब 69.21 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। जिला प्रशासन ने टेबिल का मिलान करने के बाद आंकड़ों को जारी किया है।
विधानसभा चुनाव के लिए रामपुर में सोमवार को मतदान हुआ था, जिसके बाद रात तक ईवीएम के जमा होने का सिलसिला चला। ईवीएम जमा कराने के बाद अफसरों ने आंकड़ों का मिलान किया। इसके बाद मतदान की सही जानकारी सामने आई। जिले में कुल 64.12 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 1704792 मतदाताओं में से 1093128 लोगों ने मतदान किया। सबसे ज्यादा वोट स्वार विधानसभा क्षेत्र में पड़े, जहां 69.21 फीसदी लोगों ने वोट डाले। हालांकि यह मतदान पिछले चुनाव से कम रहा।
वर्ष 2017 में इस क्षेत्र में 69.59 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे। इसके अलावा बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के 68.24 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और जिले में दूसरे नंबर पर रही। यहां पिछले चुनाव की तुलना में 0.79 फीसद अधिक 68.24 प्रतिशत मतदान हुआ। तीसरे नंबर पर चमरौआ विधानसभा सीट रही, जहां 64.94 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले, जो 2017 के चुनाव की अपेक्षा कम रहा। हालांकि, यह कमी कोई ज्यादा नहीं है। महज 0.01 फीसद कम मतदान हुआ। पिछली बार यहां 64.95 प्रतिशत वोट पड़े थे। जबकि, 63.49 प्रतिशत मतदान के साथ मिलक सुरक्षित सीट चौथे नंबर पर रही। यहां भी पिछले साल के मुकाबले 0.37 फीसदी कम मतदान हुआ। पिछली बार यहां 63.86 प्रतिशत मतदान हुआ था। सबसे कम मतदान रामपुर विधानसभा क्षेत्र में हुआ। यहां 56.35 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि, पिछली बार 56.32 फीसदी वोट पड़े। हालांकि इस बार 0.03 फीसदी अधिक मतदान हुआ है।
जिले में विधानसभावार कुल मतदाताओं की तादाद
विधानसभा क्षेत्र - कुल मतदाता
1. स्वार - 307105
2. चमरौआ - 307856
3. बिलासपुर - 344830
4. रामपुर - 387861
5. मिलक - 357140
---------------------------------------
कुल मतदाता - 1704792
---------------------------------------
जिले में विधानसभावार हुआ कुल मतदान
विधानसभा क्षेत्र - पुरुष वोट - महिला वोट - अन्य - कुल वोट
1. स्वार - 111844 - 100708 - 7 - 212559
2. चमौआ - 104854 - 95079 - 1 - 199934
3. बिलासपुर - 125143 - 110157 - 4 - 235304
4. रामपुर - 117404 - 101161 - 0 - 218565
5. मिलक - 120289 - 106475 - 2 - 226766
-----------------------------------------
कुल मतदान - 579534 - 513580 - 14 - 1093128