शहर के 34 उद्यमियों ने भूखंडों के मानचित्रों को जमा नहीं किया है। रामपुर विकास प्राधिकरण अब इन उद्यमियों पर शिकंजा कसेगा। इसके लिए आरडीए ने अपनी रिपोर्ट तैयार करते हुए प्रशासन को भेजने की कवायद शुरू कर दी है।
रोशनबाग और अजीतपुर औद्योगिक अस्थान है। इन स्थानों पर उद्यमियों को भूखंड आवंटित किए गए थे, ताकि वे यहां पर औद्योगिक इकाइयां लगा सकें लेकिन तमाम उद्यमियों ने इन प्लाटों पर कोठियां खड़ीं कर लीं और औद्योगिक इकाइयां नहीं लगाईं। नगर विकास मंत्री आजम खां की नाराजगी के बाद प्रशासन ने पिछले दिनों 29 उद्यमियों के भूखंडों को निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए थे, वहीं दूसरी ओर आरडीए की ओर से भी इन भूखंडों के मानचित्र मांगे थे, जिसके लिए दोनों स्थानों के 73 उद्यमियों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी कुछ उद्यमियों ने नक्शे जमा नहीं किए, जिस पर आरडीए ने सभी को अंतिम नोटिस जारी किया था। अंतिम नोटिस केबाद उद्यमियों में खलबली मच गई थी।
अजीतपुर और रोशनबाग के उद्यमियों को मानचित्र जमा करने के लिए 18 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया था जो कि पूरा हो गया। सोमवार को दिन भर उद्यमी नक्शे जमा कराने के लिए पहुंचते रहे। फिलहाल मोहलत खत्म हो गई है। आरडीए के अफसरों के मुताबिक अजीतपुर के 29 में से 17 जबकि अजीतपुर में 44 में से 22 ने मानचित्र जमा कर दिया है। कुल 39 उद्यमियों ने ही नोटिस का जवाब देते हुए नक्शे जमा किए हैं। कुल 34 उद्यमियों ने फिलहाल नक्शे जमा नहीं किए हैं। इन लोगों ने अभी और वक्त मांगा है। फिलहाल आरडीए प्रशासन को इस मामले की रिपोर्ट भेज रहा है।