लोकसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 30 मई यानी आज से शुरू हो रही हैं, जो 6 जून तक चलेगी।
सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन होगा। सुरक्षा की दृष्टि से सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं।
लोकसभा उपचुनाव के लिए नामांकन सोमवार यानी 30 मई से 6 जून तक होंगे। नामांकन प्रत्येक दिन सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक किए जा सकेंगे। सात जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नौ जून नाम वापसी की अंतिम तिथि है। 23 जून को मतदान और 26 जून को मतगणना होगी। सुरक्षा की दृष्टि से कलक्ट्रेट और कलक्ट्रेट की तरफ आने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. वैभव शर्मा ने बताया कि नामांकन कक्ष में प्रत्याशियों और उनके प्रस्तावकों के अलावा किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
विज्ञापन
रामपुर में उपचुनाव नहीं लडे़गी बसपा, आजमगढ़ से जमाली होंगे प्रत्याशी
बसपा ने लोकसभा उपचुनाव में रामपुर से चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। इस सीट पर पार्टी किसी अन्य को समर्थन भी नहीं देगी। हालांकि, आजमगढ़ से पार्टी गुड्डू जमाली को चुनाव मैदान में उतारेगी। ये निर्णय बसपा प्रमुख मायावती की मौजूदगी में लखनऊ में पार्टी मुख्यालय पर चल रही दो दिवसीय समीक्षा बैठक के अंतिम दिन रविवार को लिए गए। मायावती ने कहा कि बसपा सीमित संसाधनों वाली पार्टी है। पार्टी को शाहखर्ची वाली बैठकों से दूर रहकर छोटी-छोटी कैडर बैठकों के बल पर मजबूत बनाना होगा।
शमशुद्दीन राइन को पश्चिमी यूपी से हटाया
बसपा के जोन प्रभारी शमशुद्दीन राइन को पश्चिमी यूपी से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर सहारनपुर, मेरठ तथा बरेली मंडल का प्रभार जोनल प्रभारी नौशाद अली को दिया गया है। राइन को नौशाद के स्थान पर कानपुर, झांसी और चित्रकूट की जिम्मेदारी दी गई है।