स्वार। नगर के समीपवर्ती कलीनगर गांव में पंखे की तार लगाने के दौरान करंट की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोर गंभीर रुप से झुलस गया। उसे अर्ध बेहोशी की हालत में उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले जाया जा रहा था कि उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र की अगलगा ग्राम पंचायत के उप गांव कलीनगर निवासी किसान प्रमोद का 13 वर्षीय बेटा अमन शनिवार की शाम गर्मी निजात के लिए स्विच बोर्ड में पंखे की तार लगा रहा था। इसी दौरान उसे करंट का जोरदार झटका लगा। वह चीख के साथ ही गिरा और तड़पते हुए बेहोश हो गया। चीख की आवाज सुनकर परिजन ने उसे उठाया। किशोर को करंट का तार अभी भी छू रहा था। इसी दौरान आये पड़ोसियों ने घर की मैन लाइन ऑफ कर दी। इसके बाद किशोर को बुरी तरह झुलसी अवस्था मे लेकर चिकित्सक के पास ले जाने लगे लेकिन अभी उसे उपचार मिलता इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता किसान हैं। किशोर अपने सात बहन-भाइयों में सबसे छोटा था जिसके चलते वह सभी का बहुत प्रिय था। किशोर धनौरी स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ता था। उसके पिता प्रमोद और मां सहित सभी का रोते-रोते बुरा हाल हो गया। गांव में भी गम का महौल रहा।