स्वार। नरपत नगर के तीन पेड़ वाले मैदान में नशाखोरी के खिलाफ चल रहे राष्ट्रीय दंगल में शनिवार को रोमांचक मुकाबले हुए। कलियर शरीफ के बाबा फकीर ने अयोध्या के बाबा लक्ष्मण दास को चित किया। सहारनपुर के वकार पहलवान ने तूफान पहलवान को पटखनी दी। मेरठ के जाबिर और दिल्ली के मोंटी के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। महिला पहलवानों ने भी अखाड़े में दमखम दिखाया। बनारस की नेहा पहलवान ने गाजियाबाद की रोशनी को चित किया जबकि काशीपुर की कोमल ने दिल्ली की आरती को हराया।
मेरठ के जाबिर और दिल्ली के मोंटी की कुश्ती काफी रोमांचक रही। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए कई दांवपेच आजमाए लेकिन मुकाबला बराबरी पर छूटा। कलियर शरीफ के बाबा फकीर और अयोध्या के बाबा लक्ष्मण दास के बीच भी जोरदार मुकाबला देखने को मिला। अंत में बाबा फकीर ने लक्ष्मण दास को चित कर दिया। सहारनपुर के वकार पहलवान ने तूफान पहलवान को हराया। महिला वर्ग में बनारस की नेहा पहलवान ने गाजियाबाद की रोशनी को चित किया, जबकि काशीपुर की कोमल ने दिल्ली की आरती को हराया। दंगल देखने के लिए मैदान में दर्शकों की भीड़ जुटी रही। पहलवानों के दांव-पेच पर दर्शक तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाते रहे।
मुख्य अतिथि खलील पहलवान ने विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। दंगल कमेटी की ओर से खलील पहलवान को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने का संदेश देना है। महिला पहलवानों की कुश्ती रविवार को भी होगी।