मां भगवती के नवरात्र मंगलवार से शुरू हो रहे हैं। नवरात्र को लेकर जिले भर में मंदिरों से लेकर बाजार तक में रविवार से रौनक बढ़ गई। शहर के प्रमुख मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया तो बाजारों में पूजन सामग्री से लेकर माता के श्रृंगार और फलाहार में प्रयोग होने वाली खाद्य सामग्रियों की बिक्री रही।
नवसंवत्सर के साथ ही चैत्र नवरात्र की शुरुआत मंगलवार से होगी। मंगलवार से अगले नौ दिनों तक मां भगवती के शक्ति, प्रेम, ज्ञान, सुख-समृद्धि समेत अन्य रूपों का पूजन-अर्चन किया जाएगा। मंदिरों से लेकर घरों तक में माता की भेंट, जगराते और कीर्तन होंगे। रविवार को शहर के पुराना गंज स्थित माई का थान मंदिर, हरिहर मंदिर, श्री त्रिपुरेश्वरी शक्ति पीठ, सिविल लाइंस स्थित मां दुर्गा का प्राचीन मंदिर, मनोकामना मंदिर समेत सभी मंदिरों में मां का श्र्ृांगार कर मंदिरों को भव्य रूप से सजाने का काम शुरू कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर नवरात्र व्रतों के लिए आवश्यक पूजन सामग्री खरीदने के लिए भी बाजरों में भीड़ रही।
हवन सामग्री, श्रृंगार सामग्री, माला, चुनरी, मां की अखंड ज्योत, मां की पोशाक, मूर्तियों, कूटू के आटे, चोया, कपूर, लौंग, नारियल आदि की भी जमकर खरीदारी शुरू कर दी गई है। चैत्र नवरात्र मंगलवार से शुरू हो रहे हैं। इससे पूर्व संध्या पर माता का श्रृंगार कर सजी प्रतिमाओं के साथ माता के आगमन के लिए झिलमिलाझाती झालरों से मंदिर सज गए। इसके साथ ही माता की विभिन्न फोटो, मूर्तियों, चुनरी और अन्य श्रृंगार के सामान के साथ दुकानें भी सजने लगी हैं।