रामपुर। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को मिल रहे उपचार और बेडों की उपलब्धता आदि सुनिश्चित करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मरीजों से बात भी की। साथ ही स्वस्थ हो रहे मरीजों को समय से डिस्चार्ज कर गंभीर रोगियों को भर्ती करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ के निर्देशानुसार नगर मजिस्ट्रेट रामजी मिश्रा ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करके इमरजेंसी वार्ड एवं कोविड-19 के तहत बनाए गए आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्थाएं देखी। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि ऐसे मरीज जिनके स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है तथा कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार यदि उन्हें डिस्चार्ज किया जा सकता है तो अस्पताल प्रबंधन ऐसे लोगों को उनके स्वास्थ्य में सुधार के दृष्टिगत समय से डिस्चार्ज कराने की कार्यवाही पूर्ण करें। वार्ड के प्रभारी डॉक्टर यह सुनिश्चित करें कि गंभीर स्थिति में आने वाले मरीजों को अनिवार्य रूप से बेड की उपलब्धता हो और उन्हें त्वरित रूप से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जाएं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी मरीज ऐसा न हो, जो भर्ती न किया जाए। अगर किसी मरीज को सिर्फ ऑक्सीजन की आवश्यकता है और स्थिति गंभीर नहीं है तो उसे जौहर मेडिकल कालेज में बनाए गए कोविड अस्पताल में भर्ती करने को कहा।