रामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतों की गणना दो मई को प्रात: आठ बजे से प्रारंभ होगी। इस संबंध में जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम, खंड विकास अधिकारियों, रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसरों के साथ बरेली रोड स्थित एक बरात घर में बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मी बिना किसी दबाव एवं प्रलोभन के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराएं। यदि मतगणना कार्य में किसी भी प्रकार का प्रलोभन अथवा दबाव वश कहीं भी निष्पक्षता प्रभावित करने का प्रयास होता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ न केवल कठोर विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी, बल्कि संबंधित धाराओं में रिपोर्ट भी दर्ज की जाएगी। मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे तथा मतगणना के दौरान यदि किसी उम्मीदवार अथवा एजेंट द्वारा अव्यवस्था उत्पन्न करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी गजल भारद्वाज, अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी जेपी गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम भरत तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट रामजी मिश्र सहित सभी उपजिलाधिकारी गण भी मौजूद रहे।