रामपुर। सपा सांसदों का दल जब जौहर यूनिवर्सिटी के अंदर गया तो वहां आडिटोरियम में यूनिवर्सिटी के स्टाफ और छात्र-छात्राओं से विचारविमर्श किया गया। जिसमें यूनिवर्सिटी के वीसी के साथ बच्चों ने भी अपनी बात सांसदों के सामने रखी।
ऑडिटोरियम में बने मंच से सांसदों के सामने सबसे पहले तो जौहर यूनिवर्सिटी के वीसी ने आरडीए के उपाध्यक्ष/जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के आदेश पर मंथन करते हुए उसकी खामियों को सामने रखा। उसे कानूनों और नियमों की कसौटी पर कसते हुए उसे नियमविरुद्ध बताया। बच्चों ने भी अपनी बात रखी, जिसमें उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी से उनका भविष्य जुड़ा है, इसे हर हाल में बचाया जाना चाहिए। मुजफ्फरनगर के सांसद हरेंद्र मलिक और विधायक एवं सपा नेता अबु आसिम आजमी ने सांसदों की ओर से बच्चों को यूनिवर्सिटी को बचाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करने का भरोसा दिया। सांसद जावेद अली खान ने बताया कि बच्चों, स्टाफ ने कई सुझाव भी दिए हैं, उन्हें पार्टी मुखिया अखिलेश यादव से साझा किया जाएगा।