रामपुर। प्राइवेट और सरकारी बैंकों की तरह अब रामपुर जिला सहकारी बैंक के ग्राहकों को भी मोबाइल बैंकिंग की सुविधा मिलेगी। इसके लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने लाइसेंस जारी कर दिया है। प्रदेश के जिला सहकारी बैंकों में यह लाइसेंस हासिल करने वालों में रामपुर पहला जिला है। इससे बैंक के करीब पांच लाख ग्राहकों को लाभ होगा।
रामपुर में जिला सहकारी बैंक की 29 शाखाएं हैं। जिनमें करीब पांच लाख ग्राहकों के खाते हैं। लेकिन, जिला सहकारी बैंक में अब तक मोबाइल बैंकिंग की सुविधा नहीं थी। हालांकि, पिछले साल बैंक की ओर से मोबाइल बैंकिंग के लाइसेंस के लिए आवेदन कर दिया था। 17 फरवरी को भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से रामपुर जिला सहकारी बैंक को मोबाइल बैंकिंग का लाइसेंस जारी कर दिया गया है। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन देवकरन गंगवार ने बताया कि अब रामपुर जिला सहकारी बैंक के ग्राहकों भी मोबाइल बैंकिंग की सुविधा मिल सकेगी। सभी 29 शाखाओं में यह सुविधा दी जाएगी। इससे ग्राहकों को लेनदेन में काफी सहूलियत होगी। उन्होंने बताया प्रदेश में जितने भी जिला सहकारी बैंक हैं, उनमें यह सुविधा नहीं है। ऐसे में रामपुर सहकारी बैंक पहला बैंक है, जिसे यह लाइसेंस प्राप्त हुआ है।