दढ़ियाल। थाना टांडा क्षेत्र के गांव चक खरदिया में बदमाशों ने पशुशाला में धावा बोलकर दो भैंस लूट लीं। विरोध करने पर बदमाशों ने पशुपालक को पीटा और तमंचे की नाल मुंह में ठूंसकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी मोहम्मद सईद के अनुसार, 23-24 सितंबर की रात करीब डेढ़ बजे वह पशुशाला के बाहर सो रहा था। इसी दौरान चार बदमाश वहां पहुंच गए। आरोप है कि बदमाशों ने उसका मुंह दबा दिया। विरोध करने पर मारपीट की। एक बदमाश ने उसके मुंह में तमंचे की नाल ठूंस दी और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
इस दौरान दो बदमाश पशुशाला में घुस गए और कमरे में बंधी दो भैंसों को खोलकर ले गए। पीड़ित के मुताबिक, दोनों भैंसों की कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। बदमाश भैंसों को लेकर रूपापुर की ओर भाग निकले, जबकि दो बदमाश सईद को पकड़े रहे। कुछ देर बाद वे भी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने रविवार को मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सीओ टांडा पंकज पंत ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।