दूसरे चरण में मिलक क्षेत्र में होने वाले मतदान के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो इसके लिए मिलक क्षेत्र को 25 सेक्टर के साथ ही चार जोन में बांट दिया है। सुपर जोनल मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं। डीएम-एसपी खुद चुनाव के वक्त यहां डेरा डालेंगे।
दूसरे चरण में 13 अक्तूबर को मतदान होना है। मिलक क्षेत्र के जिला पंचायत के छह वार्डों में मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। शाहबाद के रसूलपुर में पुनर्मतदान का दाग लगने के बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया है।
मतदान में किसी भी तरह की कोई चूक न हो इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मिलक क्षेत्र में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 25 सेक्टरों में बांट दिया गया है। यहां पर जिलास्तरीय अफसरों को मजिस्ट्रेट की कमान सौंप दी गई है। चार जोनल मजिस्ट्रेट और सुपर जोनल मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।
सीडीओ के साथ ही एडीएम, एएसपी और कई एसडीएम लगाए गए हैं। डीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे। सभी अफसरों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया गया है।