रामपुर। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने देश में हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इस बाबत उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा है।
बृहस्पतिवार को बजरंग दल के पदाधिकारी एकत्र होकर कलक्ट्रेट आ गए। इसके बाद उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट हेम सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। उनका कहना था कि देशभर में जेहादी कट्टरता बढ़ती जा रही है। योजनापूर्वक हिंदुओं पर हमले किए जा रहे हैं। विभिन्न हिंदू पर्वों पर शोभायात्राओं पर पथराव और हमले किए गए, जिस कारण तमाम स्थानों पर कर्फ्यू लगाना पड़ा।
कहा कि हाल ही में नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल के बयान पर दो शुक्रवारों को जुमे की नमाज के बाद हिंसा भड़काई गई। शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस पर भी हमले हुए। लोगों को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने बीते दिनों हुई हिंसाओं की जांच कराने व दोषियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई करने समेत आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन पर जिला संयोजक जोगेंद्र यादव, विशालवीर तूफानी, मुकेश पटेल, मयंक शर्मा, विकाश, अमृत गौड़, सौम्य गोस्वामी, अशोक यादव, प्रदीप कुमार, शिवम सक्सेना, रोहित गंगवार आदि के नाम व हस्ताक्षर हैं।