रामपुर। राज्य महिला आयोग की सदस्य अवनी सिंह ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में महिलाओं की जन सुनवाई की। इस दौरान घरेलू उत्पीड़न, दहेज और आपसी वाद विवाद सहित विभिन्न मामलों से संबंधित 11 शिकायती पत्र प्राप्त हुए। जिसके बाद उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए यथाशीघ्र समाधान कराने के लिए निर्देशित किया।
अवनी सिंह ने पूर्व में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायती पत्रों के निस्तारण की स्थिति के बारे में भी पुलिस विभाग के अधिकारी एवं प्रोबेशन अधिकारी से जानकारी प्राप्त की। जन सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत निर्धारित किस्त प्राप्त न होने संबंधी शिकायती पत्रों के संबंध में उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी लवकुश भार्गव को निर्देशित किया, जिस पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ने कहा कि शासन स्तर से बजट प्राप्त होते ही तत्काल प्रभाव से लाभार्थियों को धनराशि से प्रेषित कर दी जाएगी। अवनी सिंह ने घरेलू उत्पीड़न के मामलों के समाधान के बारे में पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ऐसे मामलों के समाधान के दौरान शिकायतकर्ता की समस्याओं की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए त्वरित समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि राज्य महिला आयोग द्वारा नियमित रूप से जनसुनवाई करने का मुख्य उद्देश्य यही है कि महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में भलीभांति जानकारी रहे तथा प्रत्येक स्तर पर उनके शोषण पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने बालिका शिक्षा पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक माता-पिता अपनी बेटियों को भी बेहतर शिक्षा प्रदान करें, ताकि वे सशक्त हो सके और अपने अधिकारों को प्राप्त करने के लिए सक्षम बनें। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।