रामपुर। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वैभव शर्मा की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में उड़नदस्ता टीम और स्थाई निगरानी टीमों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित हुई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के उपरांत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूरी गंभीरता के साथ सक्रिय रहने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने आयोग द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस के अनुसार निगरानी टीमों और उड़नदस्ता टीमों की भूमिका के बारे में विस्तार पूर्वक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने व्यय अनुवीक्षण तंत्र के रूप में उड़नदस्ता और निगरानी टीमों के सदस्यों की भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया। साथ ही किसी भी प्रकार की अवैध एवं प्रतिबंधित वस्तु की बरामदगी पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई के बारे में भी समझाया। आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के बाद निर्धारित प्रावधानों का सख्ती से अनुपालन कराने के लिए प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की सक्रियता और उनकी जिम्मेदारी के बारे में भी विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी लक्ष्मीकांत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।