मनरेगा के सोशल आडिट में भी बिलासपुर में मनरेगा और इंदिरा आवासों में करीब 60 लाख रुपये का घपला पकड़ा गया। बिना काम कराए मनरेगा का भुगतान निकाल लिया है। शासन की बेवसाइट पर 95 गांवों की आडिट रिपोर्ट अपलोड कर दी गई है। स्थानीय स्तर पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मनरेगा और इंदिरा आवासों में घोटाले को लेकर बिलासपुर सुर्खियों में है। सात गांवों में करीब पांच लाख रुपये का घपला पहले ही पकड़ा ही चुका है। इस मामले में तत्कालीन बीडीओ समेत नौ कर्मचारियों पर रिपोर्ट हो चुकी है। जबकि, 22 और गांवों की जांच चल रही है। ग्राम पंचायत सचिव इन गांवों में करीब 50 लाख रुपये के घपले के सुबूत मुहैया करा चुके हैं। कुछ समय पहले बिलासपुर के 95 गांवों में मनरेगा और इंदिरा आवासों का सोशल आडिट कराया गया।
टीमों ने मौके पर जाकर मनरेगा के कार्य देखे, लेकिन अधिकतर गांवों में बिना काम कराए मनरेगा से भुगतान निकाल लिया। अधिकतर गांवों में आवासों में भी गड़बड़ी की गई। टीमों ने आडिट सेल को रिपोर्ट मुहैया करा दी। रिपोर्ट में करीब 60 लाख रुपये का घपला होना दर्शाया गया है। शासन की बेवसाइट पर आडिट रिपोर्ट अपलोड कर दी गई है। प्रशासन स्तर पर भी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।