रामपुर। श्रीत्रिपुरेश्वरी शक्ति पीठ में भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती मनाई गई। उन्हें सर्व धर्म, सर्व जाति व संपूर्ण मानवता के एक सूत्र में पिरोने वाला महापुरुष बताया गया। जयंती पर मां पीतांबरा यज्ञ समर्पित किया गया। राष्ट्र के कल्याण के लिए विश्व में मानवता और प्रेम के लिए महामाया नवम महाविद्या पीतांबरा से प्रार्थना की गई।
सोमवार को जयंती समारोह मनाया गया। जिसमें शक्ति पीठ केे साधकों ने सर्वप्रथम यज्ञ किया। पीठाधीश्वर आचार्य डॉ. राधेश्याम वासंतेय ने कहा कि महामना मालवीय किसी जाति और धर्म के लिए पैदा नहीं हुए। उन्होंने संपूर्ण समाज को एक सूत्र में जोड़ने के लिए काम किया। शिक्षा और प्रज्ञा विकास के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय वाराणसी की स्थापना की। उन्होंने समाज के लिए एकमात्र धर्म उपदेश दिया कि संगठन में ही शक्ति है। उन्होंने कहा कि मालवीय जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सब प्राणियों के उपकार के लिए बुराई करने वालों को दबाने और दंड देने के लिए तथा धर्म की स्थापना के लिए धर्म के अनुसार संगठन का कार्य करना चाहिए। पर्व पर मिलकर महोत्सव मनाना चाहिए। स्त्रियों का सम्मान और दुखियों पर दया करनी चाहिए। इस दौरान आचार्य आभाष अवस्थी, डॉ वी.वी.शर्मा, विष्णु कपूर, ओमपाल सैनी, सुनीता सिंह सैनी, नीरज गुप्ता, अमन गुप्ता, गौरव गुप्ता, सचिन सागर, अभिषेक मिश्रा, मंजू गौर आदि मौजूद रहे।