रामपुर। जिलेभर में महाशिवरात्रि पर्व की धूम प्रारंभ हो गई है। शिवालयों को भव्य रूप से सजाया गया है। शिवालयों पर कांवड़ियों का पहुंचना शुरू हो गया है। शिवालयों के सामने मेले लगने लगे हैं। शिव भक्तों और कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था और ठहरने की मंदिरों में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सोमवार को भी दिनभर शिवालयों में शिवलिंग का जलाभिषेक होता रहा।
भमरौआ और पंजाबनगर शिवालयों में दिनभर भंडारे चलते रहे। मंगलवार को महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। शिवभक्त मंगलवार को तड़के से ही मंदिरों में जलाभिषेक प्रारंभ कर देंगे। महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक करने के लिए दूर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। भमरौआ और पंजाब नगर मंदिरों में कांवड़ियों के ठहरने और उनके लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। शाम तक बड़ी तादात में कांवड़िए भमरौआ और पंजाबनगर मंदिरों में पहुंच चुके थे। इसके साथ ही सोमवार को भी भमरौआ स्थित पातालेश्वर शिवालय और पंजाबनगर स्थित ओम नागेश्वर शिवालयों में दिनभर भंडारे चलते रहे। श्रद्धालुओं ने मन्नतें पूरी होने पर भंडारों का आयोजन किया, जिसमें शिवभक्तों ने दिनभर प्रसाद ग्रहण किया। कई संगठनों ने भी कांवड़ियों की सेवा की।