रामपुर। सद्भाव मंडप से जहां रामपुर के चाकू और जरी-जरदोजी जैसे काम को मदद मिलेगी वहीं यहां की सांस्कृतिक विरासतें और संगीत घरानों समेत सभी दस्तकारी के उद्योगों की प्रदर्शनी के माध्यम से खरीदार मिलेंगे। उन्होंने कहा कि संभव हुआ तो यहां पर एक बड़ी मैंथा टेस्टिंग लैब की स्थापना भी की जाएगी। कोरोना काल में केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से लोगों के लिए राहत का कार्य किया। यह कहना है केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का। उन्होंने ने प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नंदगोपाल नंदी और राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के साथ सोमवार को पनवड़िया नुमाइश मैदान में चार मंजिला सद्भाव मंडप का शिलान्यास किया।
नकवी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत ही ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की गारंटी है। इसीलिए प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के तहत 92 करोड़ रुपये की लागत से इस बहुउद्देशीय सांस्कृतिक सद्भाव मंडप के निर्माण को मंजूरी देते हुए शिलान्यास किया जा रहा है। इसके माध्यम से रामपुर की कला और कौशल दोनों को नई पहचान मिलेगी और यहां के लोगों को हुनर खुलकर सफलता के आसमान में उड़ान भर सकेगा। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के तहत देश और उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों को गिनाया। रामपुर में ही करीब 400 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जाने की बात कही। जिसमें आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल, हॉस्टल, पानी के ओवरहेड टैंक आदि का निर्माण किया गया।
राशन वितरण से लेकर आत्मनिर्भर भारत योजना और उज्जवला आदि योजनाओं के बारे में बताया। कहा कि जो भी अल्पसंख्यक मंत्रालय द्वारा विकास कार्य या निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं वो हर वर्ग, हर समुदाय, हर धर्म और जाति के लोगों के लिए हैं। इनके अल्पसंख्यक बहुल इलाके में होने से ये सिर्फ किसी एक विशेष धर्म या जाति के लोगों के लिए नहीं हो जाते। इसके बाद प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल नंदी ने भी प्रदेश सरकार द्वारा अल्पसंख्यक हितों के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। इस दौरान पैक्सफेड चेयरमैन सूर्यप्रकाश पाल और भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह, एसपी शगुन गौतम आदि मौजूद रहे।